घमौरियां होने पर विभिन्न औषधियों से उपचार


गर्मी के मौसम में पूरे शरीर में छोटे-छोटे लाल दाने निकल आते हैं जिन्हे घमौरी या अम्हौरी (पिरिकली हीट) कहते हैं। घमौरी एक प्रकार का चर्मरोग है। यह रोग गर्मियों तथा बरसात के दिनों में व्यक्तियों की त्वचा पर हो जाता है।

कारण: 


यह रोग अधिक गर्मी के कारण तथा शरीर की ठीक प्रकार से सफाई न होने के कारण होता है। यह रोग व्यक्ति को कब्ज बनने के कारण भी हो सकता है। गर्मी के मौसम में शरीर से पसीना निकलता रहता है जिसे अगर साफ नहीं किया जाता तो यह पसीना शरीर में ही सूख जाता है और इसकी वजह से शरीर में छोटे-छोटे से दानों के रूप में घमौरियां निकल आती हैं।

लक्षण: 


घमौरियां होने पर रोगी के शरीर में लाल रंग के छोटे-छोटे दाने निकल आते है जिनमें हर समय खुजली होती रहती है।

विभिन्न औषधियों से उपचार-

1. बर्फ : 

घमौरियां होने पर शरीर पर बर्फ मलने से ठंडक मिलती है। 
2. मुलतानी मिट्टी: 

शरीर पर मुलतानी मिट्टी का लेप करने से घमौरियां कुछ ही दिनों में मिट जाती हैं। 
3. नारियल: 

रोजाना सुबह और शाम नहाने के बाद नारियल के तेल में कपूर को मिलाकर पूरे शरीर पर मालिश करने से घमौरियां दूर हो जाती हैं। 
4. मेहंदी: 

शरीर में घमौरियां होने पर मेहंदी का लेप करने से घमौरियां कुछ ही समय में बिल्कुल खत्म हो जाती हैं। नहाते समय पानी में मेहंदी के पत्तों को पीसकर मिला लें। इस पानी से नहाने से घमौरियां ठीक हो जाती हैं और रोगी को राहत मिलती है। 
5. नीम: 

घमौरियां होने पर नीम की छाल को घिसकर चन्दन की तरह शरीर पर लगाने से घमौरियां कुछ ही समय में ठीक हो जाती हैं। पानी में थोड़ी सी नीम की पत्तियां डालकर उबाल लें। इस पानी से नहाने से घमौरियां दूर हो जाती हैं। 
6. चंदन: 

सफेद चंदन को पानी के साथ पीसकर शरीर पर लेप करने से घमौरियां ठीक हो जाती हैं। गुलाबजल में चंदन और कपूर को घिसकर घमौरियों पर लगाने से आराम आता है। 
7. खसखस: 

20 ग्राम खसखस को पीसकर पानी में मिलाकर घमौरियों पर लगाने से घमौरियों से राहत मिलती है। इसके अलावा 2 चम्मच खसखस के शर्बत को 1 कप पानी में मिलाकर दिन में 2-3 बार पीने से भी घमौरियों में लाभ होता है। 
8. अनानास: 

घमौरियां होने पर अनान्नास का गूदा शरीर पर लगाने से रोगी को आराम होता है। 
9. बड़हल : 

बड़हल (बरहर) के पेड़ की छाल की फांट से त्वचा को धोने से घमौरियां और फुन्सियां ठीक हो जाती हैं। 
10. सरसों: 

पानी में बराबर मात्रा में सरसों का तेल मिलाकर सुबह और शाम मालिश करने से सिर्फ 3 दिनों में ही घमौरियां पूरी तरह से खत्म हो जाती है। 
11. नारंगी: 

नारंगी के छिलकों को सुखाकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को गुलाबजल में मिलाकर शरीर पर लेप करने से घमौरियों में लाभ होता है। 
12. घी: 

गाय या भैंस के असली घी की पूरे शरीर पर मालिश करने से घमौरियां मिट जाती हैं और दुबारा कभी होती भी नहीं हैं। 
13. तुलसी: 

तुलसी की लकड़ी को पीसकर चन्दन की तरह शरीर पर मलने से घमौरियां समाप्त हो जाती हैं।
14. समुदफेन: 

समुदफेन के बारीक चूर्ण को गुलाबजल में मिलाकर शरीर पर लगाने से घमौरियों से राहत मिलती है। 
15. करेला: 

चौथाई कप करेले के रस में 1 चम्मच खाने वाला मीठा सोडा मिलाकर दिन में 2 से 3 बार घमौरियों पर लेप करने से घमौरियां मिट जाती हैं। 
16. आम: 

कच्चे आम को धीमी आंच में भूनकर इसके गूदे का शरीर पर लेप करने से घमौरियों में आराम होता है। 
17. धनिया: 

बर्फ के पानी में 50 ग्राम धनिये के पानी को भिगो देना चाहिए। लगभग 5 घंटे बाद इस पानी को छानकर घमौरियों वाले स्थान पर लगाने से राहत मिलती है। यदि किसी छोटे तौलिये को इस पानी में भिगोकर घमौरियों पर रखा जाए तो रोगी को बहुत आराम मिलता है। इस प्रक्रिया को 2 दिन तक सुबह-शाम करने से घमौरियां नष्ट हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त नींबू के रस में धनिया डालकर पीना भी घमौरियों में लाभकारी रहता है। ध्यान रहे कि घमौरियों के कारण शरीर में नमक की मात्रा कम होने लगती है। इसलिए नमक का सेवन अवश्य ही करना चाहिए। यदि रोटी में नमक और अजवायन को मिला लिया जाए तो भी घमौरियों में बहुत आराम मिलता है। 
18. लहसुन: 

लहसुन की कलियों को पीसकर रस उसका रस निकाल लें। यह रस 3 दिन तक शरीर पर मलने से शरीर पर गर्मी से निकलने वाली घमौरियां मिट जाती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

यहाँ पर आपको मिलती है हेल्थ न्यूज, डेली हेल्थ टिप्स और ताजा स्वास्थ्य जानकारियां। इसके साथ ही जीवनशैली और चिकित्सा जगत में होने वाली नयी खोजों से अवगत भी कराते हैं हम।